रूस और यूक्रेन की जंग के बीच ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अचानक यूक्रेन के मारियुपोल पहुंच गए। पहली बार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन यूक्रेन पहुंचे। रविवार को पुतिन ने रूसी कब्जे वाले मारियुपोल शहर का दौरा किया। वो हेलिकॉप्टर से यहां पहुंचे। उन्होंने यहां कुछ आम लोगों से भी मुलाकात की।
रूसी मीडिया ने बताया कि मारियुपोल के नेवस्की जिले में पुतिन एक परिवार से मिलने गए। इंटरफैक्स एजेंसी ने क्रेमलिन की प्रेस सेवा का हवाला देते हुए कहा कि राज्य के प्रमुख ने यॉट क्लब, थिएटर बिल्डिंग, शहर के यादगार स्थानों के क्षेत्र में मारियुपोल के तट की भी जांच की।
पुतिन के यात्रा के दौरान रूसी उप प्रधान मंत्री मराट खुसुलिन ने शहर और इसके बाहरी इलाकों में पुनर्निर्माण से जुड़े कामों के बारे में एक डिटेल रिपोर्ट दी, जिसमें नए आवासीय जिलों, सामाजिक और शैक्षिक सुविधाओं, उपयोगिता बुनियादी ढांचे और चिकित्सा केंद्रों के निर्माण से संबंधित बातें शामिल थी।
पुतिन के मारियुपोल दौरे को यूक्रेनी लोगों के लिए कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। मारियुपोल लंबे समय तक यूक्रेनी प्रतिरोध का प्रतीक रहा। इस शहर पर कब्जे के दौरान रूस को यूक्रेनी सेना और लोगों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। मारियुपोल में यूक्रेन युद्ध की सबसे भीषण लड़ाई भी लड़ी गई।
पुतिन ने यह दिखाने की कोशिश की कि उन्होंने 2014 में क्रीमिया छीना और 2022 में मारियुपोल। अगर यूक्रेन अब भी नहीं सुधरा तो वह दूसरे शहरों की ओर भी कब्जे वाली नीयत से देख सकते हैं। पुतिन यह जानते हैं कि युद्ध हमेशा अपने दम पर लड़ी जाती है। यूक्रेन की इतनी ताकत नहीं है कि वह लंबे समय तक रूसी आक्रमण का मुकाबला कर सके।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट तक जारी कर दिया है। लेकिन इन सबके बावजूद पुतिन पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।