फैक्ट-चेकर्स मोहम्मद जुबैर और प्रतीक सिन्हा इस साल नोबेल शांति पुरस्कार जीतने के दावेदारों में शामिल हैं। यह दावा टाइम की रिपोर्ट में किया गया है। रायटर्स के सर्वेक्षण में जुबैर और प्रतीक के नाम दावेदारों में आगे चल रहे हैं। इस साल का नोबेल पुरस्कार शुक्रवार को नार्वे की राजधानी ओस्लो में दिया जाएगा।
नोबेल शांति पुरस्कार को दुनिया में सबसे ज्यादा प्रतिष्ठित माना जाता है और इसका हकदार उन लोगों को माना जाता है, जिन्होंने मानवता के कल्याण के लिए सबसे बेहतरीन काम किया हो। पूरी दुनिया से इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन नोबेल कमेटी को मिले हैं, जिनमें वैश्विक नेताओं व राजनीतिज्ञों के साथ ही दो भारतीय पत्रकारों को भी फेवरेट लिस्ट में शामिल किया गया है। ये दो भारतीय पत्रकार फैक्ट चैकिंग वेबसाइट ऑल्ट न्यूज वेबसाइट के सह-संस्थापक प्रतीक सिन्हा और मोहम्मद जुबैर हैं, जो पिछले कुछ महीनों के दौरान भारत में कई तरह के विवाद में फंसे रहे हैं।
बता दें कि इसी साल जून में मोहम्मद जुबैर को 2018 के एक ट्वीट के लिए गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक के ट्वीट को भड़काऊ और दो धर्मों के बीच नफरत भड़काने वाला बताया था। जुबैर को एक महीने तक दिल्ले के तिहाड़ जेल में रहना पड़ा। इस दौरान दुनिया भर में जुबैर की गिरफ्तारी की निंदा हुई थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मिस्टर सिन्हा और जुबैर के अलावा, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्सकी, संयुक्त राष्ट्र की रिफ्यूजी एजेंसी, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइज़ेशन और रूस में व्लादिमिर पुतिन के आलोचक और विरोधी नेता एलेक्सी नावेलनी को भी शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। साल 2022 के नोबेल शांति पुरस्कारों की घोषणा ओस्लो में 7 अक्टूबर को स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11 बजे की जाएगी।