कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज कर्नाटक के मंड्या में पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने कंधे पर हाथ रखकर सोनिया गाँधी का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा में मौजूद महिला नेताओं ने सोनिया गांधी का हाथ थाम लिया।
लंबे समय बाद सोनिया किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुई हैं। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने पिछले कुछ चुनावों में प्रचार भी नहीं किया था। भारत जोड़ो यात्रा के शुरुआत के वक्त सोनिया गांधी विदेश में अपना इलाज करवा रही थीं। उस वक्त उनकी मां का भी निधन हो गया था। सोनिया के साथ प्रियंका और राहुल भी इटली गए थे। सोनिया कुछ दिनों पहले ही वह भारत लौटी हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार दोपहर मैसूरू पहुंची थीं। मंगल व बुधवार को दो दिन भारत जोड़ो यात्रा का अवकाश था। गुरुवार को जब मांड्या से भारत जोड़ो यात्रा फिर शुरू हुई तो राहुल गांधी के साथ सोनिया गांधी भी उसमें शामिल हुई। इससे कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “यह ऐतिहासिक क्षण है कि सोनिया गांधी जी इस यात्रा में शामिल हुई हैं। इससे पार्टी कर्नाटक में और मजबूत होगी।”
राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में है। यात्रा का समापन अगले साल की शुरुआत में कश्मीर में होगा।