पूर्व चैंपियन राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल-13 के 50वें मुकाबले में शुक्रवार को किंग्स इलेवन पंजाब को 7 विकेट से हरा दिया। फिलहाल दोनों टीमों के 12-12 अंक हो गए हैं और प्लेऑफ की दौड़ में बरकरार हैं। आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल एक रन से शतक से चूक गए लेकिन उनकी और कप्तान लोकेश राहुल की शतकीय साझेदारी से किंग्स इलेवन पंजाब ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चार विकेट पर 185 रन बनाए।
गेल ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 63 गेंद में आठ छक्कों और छह चौकों से 99 रन की पारी खेली। उनके अलावा राहुल ने 46 रन बनाए। निकोलस पूरन ने 10 गेंद में 22 रन की उपयोगी पारी खेली। जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स ने रॉयल्स की ओर से क्रमश: 26 और 32 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में हर रोज रिकॉर्ड तोड़ रहा कोरोना, आज आए सर्वाधिक 5891 नए केस, 47 की गई जान
रॉयल्स के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद जोफ्रा आर्चर ने पहले ओवर में ही मंदीप सिंह (00) को बेन स्टोक्स के हाथों कैच करा दिया। आर्चर ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई लेकिन गेल और राहुल ने कमाल की साझेदारी की।
पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद धुरंधर क्रिस गेल ने पेसर वरुण आरोन पर चौका और फिर उनके अगले ओवर में छक्का जड़ा। वह हालांकि अगली गेंद पर भाग्यशाली रहे जब गेंद को हवा में लहरा गए लेकिन बाउंड्री पर रियान पराग कैच लपकने में नाकाम रहे। गेल ने कार्तिक त्यागी का स्वागत लगातार दो चौकों और एक छक्के के साथ किया।
राहुल ने भी धीमी शुरुआत के बाद आरोन पर छक्का और चौका जड़ा। टीम ने पावर प्ले में एक विकेट पर 53 और 10 ओवर में 81 रन का स्कोर बना दिया। गेल और राहुल ने दूसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की।
पंजाब के बल्लेबाजों ने बीच के ओवरों में भी रन गति को बरकरार रखा। गेल ने लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल जबकि राहुल ने त्यागी पर छक्का जड़ा।
स्मिथ ने लगातार गेंदबाजी में बदलाव किया लेकिन सफलता नहीं मिली। गेल ने राहुल तेवतिया पर छक्के के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। गेल हालांकि इसी ओवर में गेंद को हवा में लहरा गए लेकिन तेवतिया अपनी गेंद पर मुश्किल कैच लपकने में नाकाम रहे।
गेल ने तेवतिया पर एक और छक्के के साथ 13वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। गेल त्यागी के अगले ओवर में अपने सातवें छक्के के साथ टी20 क्रिकेट में 1000 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने। गेल ने पारी के अंतिम ओवर में आर्चर पर भी छक्का जड़ा लेकिन चौथी गेंद पर बोल्ड हो गए।
ये भी पढ़ें: फ्रांसीसी राष्ट्रपति के खिलाफ प्रदर्शन, MLA सहित दो हजार के खिलाफ केस
कैप्टन राहुल ने 46 रन जबकि पूरन ने 22 रन का योगदान दिया। स्टोक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में तेवतिया को कैच देकर राहुल पविलियन लौटे। उन्होंने 41 गेंद की अपनी पारी के दौरान तीन चौके और दो छक्के लगाए। पूरन ने आरोन पर दो छक्कों के साथ अपनी पारी का आगाज किया।
गेल ने 18वें ओवर में स्टोक्स पर चौका और छक्का जड़ा लेकिन इसी ओवर में पूरन का बाउंड्री पर तेवतिया ने कैच लपका। पूरन ने 10 गेंदों में 3 छक्के जड़े। युवा तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी और वरुण आरोन काफी महंगे साबित हुए। दोनों ने चार ओवर में 47-47 रन लुटाए।