झारखंड: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश की हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और विकास से इसका कोई नाता नहीं है। राज्य को भ्रष्टाचारयुक्त और विकासमुक्त करने के एजेंडे पर यह सरकार काम कर रही है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करते हुए ये बातें कही। वे दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से ऑनलाइन कार्यसमिति सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: मोदी जी चला रहे हैं ‘सरकारी कंपनी बेचो’ मुहिम: राहुल गांधी
दिल्ली में उनके साथ मंच पर केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री अर्जुन मुंडा और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह भी मौजूद थे।
भाजपा अध्यक्ष ने हेमंत सरकार को कमजोर और तुष्टिकरण करने वाला बताया। कहा कि यह सरकार झारखंड में नक्सलवाद को बढ़ावा दे रही है। विधि-व्यवस्था चौपट हो गई है।
हमें ऐसी भ्रष्ट सरकार की कारगुजारियों को जनता के बीच ले जाकर परिवर्तन का रास्ता तैयार करना है। विजयश्री हमारा इंतजार कर रही है। वैसे भी विधानसभा चुनाव में हम वोटों के मैथेमैटिक्स में नहीं केमिस्ट्री में हारे हैं। पिछले चुनाव में जनता ने सबसे अधिक वोट हमें दिया।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश पदाधिकारियों और कार्रकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने का दास्क सौंपा। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश को निर्देश दिया कि हर प्रदेश पदाधिकारी को एक जिला और हर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य को एक मंडल में संगठन को मजबूत करने का जिम्मा दीजिए।
ये लोग शक्ति केंद्रों तक जाकर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाकर बताएं कि देश किस तरह से बदल रहा है। इसी तरह राज्य सरकार की विफलताओं से भी जनता को अवगत कराएं।
बीजेपी अध्यक्ष ने झारखंड के हर मतदान केंद्र के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्हाट्सएप ग्रुप से 200 लोग जोड़े जाएंगे। इन लोगों तक प्रधानमंत्री मोदी का संदेश नियमित रूप से पहुंचना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्षीय भाषण करते हुए राज्य सरकार को भाजपा कार्यकर्ताओं से नहीं उलझने की चेतावनी दी।
भाजपा की नई कार्यसमिति की पहली बैठक में पार्टी के सांसदों, विधायकों और कार्यसमिति सदस्यों ने अपने-अपने घरों से हिस्सा लिया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संबोधन में निशिकांत दुबे, पीएन सिंह और यदुनाथ पांडेय का नाम भी लिया।
कुछ प्रदेश पदाधिकारी रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में भी मौजूद थे। रांची कार्यालय में मंच पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के अलावा बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, पूर्व लक्ष्मण गिलुवा और प्रदेश महामंत्री समीर उरांव भी मौजूद थे।