नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 6.3 मापी गई है। राजधानी दिल्ली, नोएडा, हरियाणा, पंजाब और जम्मू कश्मीर में भी भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। उत्तर भारत और पाकिस्तान में भी झटके आए हैं। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का हिन्दुकुश रहा है। शाम 5 बजकर 10 मिनट पर ये झटके महसूस किए गए।
पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। राजधानी इस्लामाबाद समेत कई शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब 10 सेकंड तक धरती हिलती रही। शुरुआती जानकारी के अनुसार कहीं किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि भूकंप के झटके के बाद लोग डर और भय से घरों से बाहर निकल गए। झटके महसूस होते दिल्ली-NCR में लोग अपने-अपने घरों और दफ्तरों से बाहर की तरफ भागने लगे।
भूकंप आने पर खुले मैदान का रुख करें। खुला मैदान भूकंप के समय सबसे सुरक्षित होता है, क्योंकि वहां आसपास इमारतें नहीं होतीं।
अगर आप घर से नहीं निकल पाए हैं, तो किसी टेबल या बेड के नीचे छुप जाएं।
किसी इमारत से नीचे उतरते वक्त लिफ्ट का प्रयोग बिल्कुल न करें। ऐसे मौकों पर हमेशा सीढ़ियों का प्रयोग करना चाहिए।
कांच की खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें।
भारी चीजों जैसे तस्वीर तथा शीशे आदि को, बिस्तर, सोफा, डाइनिंग टेबल, बेंच, आदि से दूर लगायें, वहां मत लगायें जहां लोग बैठते हों।
अलमारी और बुकशेल्फ जैसी चीजों से दूर रहें। इनके गिरने का खतरा होता है।
अगर आप गाड़ी चला रहे हैं तो उसे धीमा कर किसी सुरक्षित जगह पार्क करें और उसी में रहें।