पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव चल रहे है, जिसके दौरान लगातार कई हिंसात्मक घटनाएं सामने आ रही है। इस घटनाओं के कारण पश्चिम बंगाल की सत्ता में बैठी तृणमूल कांग्रेस एक बार पुनः विपक्षी दलों के निशाने पर है।
आज हिमाचल प्रदेश में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अत्याचार पश्चिम बंगाल में आम बात हो गई है। पश्चिम बंगाल हिंसा, मारपीट और तुष्टिकरण के लिए जाना जाता है, यह वहां का नया सामान्य बन गया है। वहां की सत्तारूढ़ पार्टी चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार रहती है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए, ठाकुर ने कट मनी मुद्दे और नौकरी घोटाले की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल जल रहा है। ठाकुर ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर के गृह राज्य की बदनामी हो रही है।
गौरतलब हो कि इससे पहले विपक्षी दलों ने राज्य में पंचायत चुनाव में हिंसा और अशांति की शिकायत की थी। वहीं इस बार राज्य निर्वाचन आयोग एक चरण में मतदान करवा रहा है। मुर्शिदाबाद में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई, जिसके बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में गर्माहट पैदा हुई।
इससे पहले पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार पंचायत चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल में भय का माहौल पैदा कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण नहीं होने की उनकी आशंका सच साबित हो रही है। पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला होगा क्योंकि इसे 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले एक लिटमस टेस्ट के रूप में देखा जाएगा।