दिल्ली में इस साल ठंड के सीजन में पहली बार तापमान दहाई अंक से नीचे गिरकर एक अंक में पहुंचा और यह 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी और अगले कुछ दिनों में रात का तापमान आठ डिग्री रिकार्ड किया जा सकता है।
दिन का तापमान अभी 24 डिग्री के आसपास है। आगे इसमें गिरावट होगी और यह 21 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है। सफदरजंग और पालम में पिछले 24 घंटे के दौरान रात का तापमान 9.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह पहली बार है कि इस सीजन में तापमान 10 डिग्री से नीचे आया है।
पंजाब-हरियाणा में पारा लुढ़का
पंजाब एवं हरियाणा में अधिकतम तापमान रविवार को सामान्य से नीचे दर्ज किया गया जबकि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया । मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी में कहा गया है कि राजधानी चंडीगढ़ का तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है ।
पंजाब में अमृतसर में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री नीचे है। अमृतसर में कल रात का न्यूनतम 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सबसे अधिक सर्द रात थी ।
इसी तरह हरियाणा के हिसार का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । हिसार में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सबसे सर्द रात थी । करनाल का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दोनों राज्यों में अगले दो दिनों तक छिटपुट स्थानों पर मध्यम कोहरा छाया रहेगा ।