सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अपने बयानों के चलते अक्सर चर्चा में रहते हैं। राजभर ने ऐसा ही बयान एक बार फिर से दिया है, जिसकी वजह से वो सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बने हुए हैं। रविवार को देवरिया में ओम प्रकाश राजभर ने खुद को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश का सबसे बड़ा गुंडा बता दिया।
गौरतलब है कि थाना लार क्षेत्र के ग्राम धंधवार मठिया में 29 मार्च को प्रभुनाथ राजभर के बेटे अमित राजभर नाम के युवक की पड़ोसी गांव के दबंगों ने मामूली बात पर पिटाई की थी। इसके बाद इलाज के दौरान लड़के ने दम तोड़ दिया था। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगाया दिया था और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन किया। इस मामले में राजभर परिजनों से मिलने पहुंचें थे।
मृतक के पिता प्रभुनाथ राजभर, मा शकुंतला देवी, पत्नी सुनीता देवी व भाइयों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। इसके बाद एक-एक कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ हम सभी खड़े हैं। शासन स्तर से मिलने वाली सभी सुविधाओं को परिजनों को मुहैया कराया जाएगा। किसी भी हाल में आरोपी नहीं बचेंगे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
आगे उन्होंने कहा कि भय का माहौल है विपक्षी लगातार पीड़ित परिवार को धमकी दे रहे हैं। इस पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश ही नहीं देश में हमसे बड़ा गुंडा कौन है। सभी माफिया राजभर को सलाम करते हैं।