पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ का निधन हो गया। पाकिस्तान की जियो न्यूज ने इस बारे में जानकारी दी। जियो न्यूज के मुताबिक, जनरल मुशर्रफ ने लंबी बीमारी के बाद रविवार को दुबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।
मुशर्रफ पाकिस्तान में अपने खिलाफ आपराधिक आरोपों से बचने के लिए UAE में खुद निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे थे। उनका दुबई में अमेरिकन हॉस्पिटल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके परिवार के मुताबिक, मुशर्रफ दुर्लभ बीमारी ‘एमिलॉयडोसिस’ से पीड़ित थे, जिसमें पूरे शरीर के अंगों और ऊतकों में एमिलॉयड नामक एक असामान्य प्रोटीन बनता है।
पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ ने भी मुशर्रफ के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, ‘मैं जनरल (सेवानिवृत्त) परवेज मुशर्रफ के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने रविवार को पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के निधन पर संवेदना व्यक्त की।
वर्ष 1947 में भारत विभाजन के समय मुशर्रफ का पूरा परिवार नई दिल्ली से कराची चला गया था। वह एक राजनयिक के बेटे थे। 1964 में मुशर्रफ सेना में भर्ती हुए थे। क्वेटा में आर्मी कमांड और स्टाफ कॉलेज में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लंदन के प्रसिद्ध रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज में पढ़ाई की। उन्होंने क्वेटा स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के वार विंग में प्रोफेसर के रूप में भी काम किया है।