जम्मू कश्मीर के राजौरी में रविवार देर शाम आतंकी हमला हुआ है। पुलिस के अनुसार इस फायरिंग में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद सेना व पुलिसकर्मियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। पूरा इलाका छावनी तब्दील हो गया है।
जानकारी मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने ये गोलीबारी राजौरी के धनगरी इलाके में की है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सोमवार को बंद बुलाया है।
एक-एक कर तीन घरों को निशाना बनाकर आतंकी मौके से फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल सात लोगों को राजोरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से तीन को एयरलिफ्ट कर जम्मू जीएमसी शिफ्ट किया गया। प्रथम दृष्टया यह वारदात टारगेट किलिंग की बताई जा रही है।
राजौरी अस्पताल के डॉ. महमूद ने बताया कि घायलों के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं। हालांकि घाव कितना गंभीर है। इसके बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक करीब 7:15 बजे हायर सेकेंड्री स्कूल, डांगरी के पास ये घटना हुई।
अधिकारियों ने बताया कि राजौरी के रहने वाले शलिंदर कुमार और कमल किशोर की गोलीबारी में मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद अफवाह उड़ी की संतरी की गोली से आम नागरिकों की मौत हुई है जिसके बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गई।