मौसम में बदलाव होते ही राजधानी दिल्ली की हवा फिर से खराब होने लगी है। फिलहाल आप सरकार हालात पर काबू पाने में जुटी है। इसके लिए दिल्ली में निर्माण और तोड़फोड़ के कामों को पूरी तरह से रोकने का आदेश दिया गया है। सरकार का कहना है कि स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम बेहद जरूरी हैं। सभी लोगों को इसमें अपना सहयोग देना होगा।
कई इलाकों का AQI बहुत खराब से अब गंभीर कैटेगरी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के लेटेस्ट आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों का AQI आज यानी 4 दिसंबरको 400 के पार है। वहीं, आने वाले दिनों में स्मॉग का खतरा भी बढ़ता दिखाई दे रहा है। दिल्ली के आसमान में आज (रविवार) सुबह के समय धुंध छाई है। वहीं, हवाओं की रफ्तार के सुस्त पड़ने से कोहरा भी देखने को मिल रहा है।
अगर NCR की बात करें तो आज नोएडा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री, गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री और गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 24डिग्री रह सकता है। हिमाचल- कश्मीर में आज भी कहीं-कहीं बर्फ गिरने के भी आसार हैं। इसका असर दिल्ली, यूपी, एमपी, बिहार और राजस्थान पर भी पड़ेगा। राजस्थान में तो कई जगहों पर शीत लहर के आसार हैं।