नई दिल्ली : भाजपा अल्पसंख्यक के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जमाल सिद्दीकी ने देश की समस्त जनता को दीपावली की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि दीपावली के मौके पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता देश भर के हर मुस्लिम मोहल्ले में दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित करेंगे और अपनी गंगा जमुनी तहज़ीब को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभायेंगे।
ये भी पढ़ें: नीट यूजी में लड़कियों ने फिर मारी बाजी
श्री जमाल सिद्दीकी ने कहा है कि दीपावली सिर्फ हिंदुओं का त्योहार नहीं है। दीपावली में दीप और अली दोनों शामिल हैं। सिद्दिकी ने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीति के तहत दीप को अली से अलग कर दिया है,हम उसे जोड़ने का काम करेंगे।अब अली दीप जलाएंगे और यह संदेश देंगे कि हिंदुस्तान की खूबसूरती यही है,चाहे बैसाखी हो,चाहे दिवाली, चाहे ईद हो,ये किसी एक धर्म के त्योहार नहीं हैं। जब हम पास आएंगे एक दूसरे को गले लगाएंगे तो नफरत अपने आप कम होगी।
श्री जमाल सिद्दीकी ने कहा कि लोगों ने यह मिथ फैलाया है कि दीपावली सिर्फ हिंदुओं का त्योहार है। हम इस मिथ को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिवाली तो रोशनी का त्योहार है, यह भगवान श्रीराम के वापस आने का त्योहार है। भगवान श्रीराम सबके लिए पुरुषोत्तम हैं। जो लोग दूरियां फैला रहे हैं, बांटने की कोशिश कर रहे हैं,हम उनके खिलाफ लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: इजरायल ने वेस्ट बैंक में फलस्तीनियों के कुछ आवासों को मंजूरी दी
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्री यासिर अली जिलानी ने कहा कि दिवाली मिलन कार्यक्रम के ज़रिए हम लोगों को यह भी बताएंगे कि किस तरह पीएम मोदी की सोच सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास ज़मीन पर उतर रही है।उन्होंने कहा कि हर ब्लॉक में यह कार्यक्रम करेंगे।जिसमें युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के लोग भी रहेंगे।मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवी भी इसमें शिरकत करेंगे।इसमें सब मिलकर दीप जलाएंगे।