आदिपुरुष’ फिल्म इस वक्त काफी ज्यादा सुर्खियों में चल रही है। फिल्म को लेकर हर तरफ बवाल मचा हुआ है। इस बीच फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर को फिल्म में लिखे संवादों के लिए तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब उन्होंने एक और दावा करके अपनी मुसीबतें बढ़ा ली हैं।
मनोज मुन्तशिर ने कहा है कि हनुमान जी भगवान नहीं थे। दरअसल, मनोज मुन्तशिर ने आज तक को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि बजरंग बली भगवान नहीं हैं, भक्त हैं, हमने उनको भगवान बनाया। इस बयान के बाद मनोज की इस इंटरव्यू की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना की जा रही है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें चुप रहने की सलाह दे रहे हैं।
मनोज मुंतशिर ने कहा, सरल भाषा लिखने के पीछे हमारा एक लक्ष्य ये था कि बजरंगबली, जिन्हें हम बल, बुद्धि और विद्या का देवता मानते हैं। बजरंगबली जिनके अंदर पर्वत जैसा बल है, जिनके अंदर सैंकड़ों अश्वों का वेग है, वही बजरंगबली बालक समान हैं। उनका बाल सुलभ चरित्र ऐसा है कि वो मुस्कुराते हैं। हंसते हैं। वो श्रीराम की तरह बात नहीं करते। वो दार्शनिक बातें नहीं करते। बजरंगबली भगवान नहीं हैं, भक्त हैं। हमने उनको भगवान बनाया बाद में, क्योंकि उनकी भक्ति में वो पावर थी।
प्रभास और कृति की फिल्म आदिपुरुष को लेकर भले ही कितना भी विवाद हुआ हो, लेकिन इसका पूरा फायदा मेकर्स को बॉक्स ऑफिस पर मिला है। रिलीज के चार दिन में ही फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 241.10 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। हालांकि, वर्किंग डे सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में भारी गिरावट देखने को मिली। वहीं वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 340 करोड़ का कलेक्शन किया है।
बता दें कि रामायण पर आधारित बहुभाषी फिल्म ‘आदिपुरुष’ के खिलाफ सोमवार को देश के कई शहरों में प्रदर्शन किये गए और नेपाल में सभी हिंदी फिल्मों पर प्रतिबंध लगा दिया गया। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसी को भी लोगों की भावनाएं आहत करने का अधिकार नहीं है।