इस साल के आखिर में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का चुनाव होने है, जिसकी तैयारी पक्ष व विपक्ष सभी दलों ने शुरू कर दी है। मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का पहला कार्यक्रम जबलपुर में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली से हुआ।
जबलपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले प्रियंका गौरी घाट पहुंची और वहां पर नर्मदा पूजन किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रियंका रैली स्थल रवाना हो गईं और विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत की।
प्रियंका ने कहा कि 2018 में आप लोगों ने कांग्रेस की सरकार को चुना। लेकिन धन-बल से जनादेश को कुचल दिया गया। 2018 में आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली। आपका कुछ फायदा होता तो समझ में आता।
प्रियंका गाँधी ने शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इन्होंने महाकाल को भी नहीं छोड़ा। वहां हवा में मूर्तियां उखड़कर गिर गईं। एक पुजारी ने मुझे वीडियो भेजा। वह कह रहे हैं, हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। 225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं। यानी तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला किया है। मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं आपसे जागरूकता मांगने आई हूं।
बता दें कि कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना के तहत महिलाओं को 1500 रुपए महीने की आर्थिक सहायता का वादा किया। कांग्रेस ने ₹500 में गैस सिलेंडर देने का वचन, 100 यूनिट तक बिजली का बिल माफ और 200 यूनिट तक का बिल हाफ का भी वादा किया है। किसान कर्ज माफी और कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम का भी कांग्रेस ने ऐलान कर दिया है।
पहले हिमाचल प्रदेश फिर कर्नाटक में मिली जीत के बाद इस साल होने वाले अन्य राज्यों के चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी काफी सक्रिय है। पिछले दिनों राहुल गाँधी मीडिया से बात करते हुए मध्यप्रदेश को लेकर कहा था कि कर्नाटक में 135 सीट तक पहुँच पाए थे लेकिन एमपी में 150 से ज्यादा सीटें कांग्रेस जीत रही है। शीर्ष नेतृत्व के इस विश्वास के कारण ही लगातार कांग्रेस मध्यप्रदेश में कार्यकर्त्ता सम्मेलन से लेकर जनसभा कार्यक्रम के माध्यम से वोटर्स को अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रही है।