भारत जोड़ो यात्रा का 30 जनवरी 2023 को समापन होने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर लौट आए हैं। राहुल गांधी के दिल्ली पहुंचने पर पार्टी के नेता, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस बीच संसद का बजट सत्र भी शुरू हो गया है। हालांकि उड़ान में देरी की वजह से राहुल गांधी संसद के बजट सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान उपस्थित नहीं हो सके।
कांग्रेस नेता जैसे ही अपने आवास के प्रवेश द्वार पर पहुंचे, उनके समर्थकों ने नारेबाजी की। कुछ लोगों के हाथों में तख्तियां थीं तो कुछ के पास गुलदस्ता था। राहुल गांधी रुक गए और बैरिकेड के पास एक ऊंचे मंच पर चढ़ गए और अपने समर्थकों से मिले। उन्हें उनसे हाथ मिलाते देखा जा सकता है।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इस दौरान राहुल गांधी के नेतृत्व में लगभग 5 महीने चली पैदल यात्रा में देश के 12 राज्यों के 75 जिलों को कवर किया। यात्रा ने इस दौरान 4 हजार किमी से ज्यादा की दूरी तय की। 146 दिनों तक चली भारत जोड़ो यात्रा का समापन महात्मा गांधी की पुण्य तिथि 30 जनवरी को हुआ।
बता दें कि 2014 में करारी हार के बाद कांग्रेस जमीन पर लड़ाई में लगातार पिछड़ रही थी। दूसरे शब्दों में कहे तो कांग्रेसी सड़कों से गायब हो रहे थे। भारत जोड़ो यात्रा की दूसरी बड़ी उपलब्धि यह रही कि तमिलनाडु से लेकर जम्मू-कश्मीर तक सड़कों पर कांग्रेसी उतर आए। 2024 चुनाव के दृष्टिकोण से कांग्रेस इसे संजीवनी मान रही है।