कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव संपन्न हो गए हैं। इस चुनाव के बाद एक बार फिर 22 सालों के बाद कांग्रेस का नेतृत्व गांधी परिवार से बाहर किसी के हाथ में जाएगा। हालांकि कांग्रेस का अध्यक्ष कोई भी बने लेकिन उसे गांधी परिवार की बात माननी ही पड़ेगी।
ये मानना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री पी चिदंबरम का। मीडिया के मुताबिक चिदंबरम ने कहा, कोई नहीं कह रहा है कि गांधी परिवार की आवाज कम हो जाएगी, नए अध्यक्ष को कांग्रेस कार्य समिति संसदीय बोर्ड और पार्टी मंचों पर उनके विचारों पर गौर करना होगा।
चिदंबरम ने कहा कि नये अध्यक्ष के चुनाव के बाद सबसे महत्वपूर्ण कुछ कार्य करने होंगे। सर्वप्रथम पार्टी के अध्यक्ष को संगठन को सुचारु रूप से चलाने के लिए कार्य करना होगा। संगठन में सुधार करें ज़रूरत है।
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदान खत्म होने के बाद जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में करीब 96 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा मतदान शांतिपूर्ण रहा। चुनाव खत्म होने के बाद 3 मतपेटियां प्राप्त हुई हैं।
रबर स्टैंप अध्यक्ष नहीं होगा: वेणुगोपाल
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह पूरी कांग्रेस के लिए गर्व का क्षण है कि हम पार्टी अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हैं। कांग्रेस ही पार्टी अध्यक्ष चुन सकती है। हम असली लोकतंत्र का प्रदर्शन कर रहे हैं। कोई भी रबर स्टैंप अध्यक्ष नहीं होगा।