दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी सामान्य तिथि 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंचेगा और बारिश की कमी की भरपाई जून के अंत तक हो जाने की संभावना है। पिछले तीन दिन में हुई मॉनसून पूर्व वर्षा ने दिल्ली में बारिश की कमी को 34 प्रतिशत तक कम कर दिया है और अधिकतम तापमान गिरकर लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सफदरजंग वेधशाला में रविवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो 17 जून 2013 के बाद से इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है। दिल्ली में एक जून के बाद से 23.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 36.3 मिमी बारिश होती है। यह बारिश पिछले चार दिन में हुई है।
यह भी पढ़ें- राहत की जगी उम्मीद, अगले दो-तीन दिन में उत्तर प्रदेश में पहुंचेगा मानसून
स्काईमेट वेदर के अध्यक्ष (मौसम विज्ञान) जी.पी. शर्मा ने बताया कि अगले दो से तीन दिन में पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और उससे सटे बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बनेगा, जो सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों में हवा की प्रणाली में बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि ये चक्रवाती हवाएं सामान्य पूर्वी प्रवाह की शुरुआत करेंगी जो पश्चिमोत्तर भारत में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण है।
दिल्ली में यदि ठीक 27 जून नहीं, तो सामान्य तिथि के आसपास मॉनसून की पहली बारिश होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने कहा कि मॉनसून सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है और ऐसी किसी प्रणाली का पूर्वानुमान नहीं है जो अभी इसकी प्रगति को रोक सके।
आईएमडी ने बताया कि मॉनसून मध्य प्रदेश के अधिकतर हिस्सों, पूरे ओडिशा और गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के अधिकांश हिस्सों और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ गया है। आईएमडी ने गुरुवार को बताया था कि मॉनसून के 23 जून से 29 जून के बीच पश्चिमोत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।
आईएमडी ने पिछले साल भविष्यवाणी की थी कि मॉनसून अपनी सामान्य तिथि से लगभग दो सप्ताह पहले दिल्ली पहुंच जाएगा। बहरहाल, यह 19 वर्षों में सबसे अधिक देरी के साथ 13 जुलाई को राजधानी पहुंचा था।
दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 77 प्रतिशत रहा। आईएमडी ने दिन में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान लगाया है। गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यह भी पढ़ें- अग्निपथ’ के खिलाफ जारी है प्रदर्शन, बिहार में BJP नेताओं की बढ़ाई गई सुरक्षा
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को कहा था कि दिल्ली में अगले चार दिन में मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ और निचले क्षोभमंडल स्तरों पर अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने गरज के साथ छींटे पड़ने या हल्की बारिश को लेकर शनिवार से चार दिन के लिए मौसम का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया।