कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में घमासान मचा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इनकार के बाद लगातार नए नाम सामने आ रहे थे लेकिन अब मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने अध्यक्ष पद को लेकर अपना नामांकन भर लिया है। वहीं कांग्रेस पार्टी की इस उठापटक के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक में प्रवेश कर चुकी है।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बीच पार्टी अध्यक्ष पद के लिए जारी खींचतान के बीच वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने शुक्रवार को बड़ी बात कही है। जयराम रमेश ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी में जो कुछ हो रहा है वह साइडशो है, मुख्य भारत जोड़ो यात्रा है, यह कहानी है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय राजनीति का परिवर्तन है। यह कांग्रेस पार्टी का परिवर्तन है।
जयराम रमेश ने कहा, कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके पास अध्यक्ष के चुनाव की प्रणाली है। भारतीय राजनीति में कांग्रेस का सबसे बड़ा योगदान सर्वसम्मति रही है, जब यह संभव नहीं होता, तो हमारे पास चुनाव होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के पास क्यूआर कोडित मतदाता पहचान पत्र है। यह लोकतांत्रिक राजनीति का हिस्सा है।
बता दें कि कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा 14 फॉर्म, शशि थरूर द्वारा 5 और केएन त्रिपाठी द्वारा एक फॉर्म जमा किया गया। कल हम फॉर्मों की जांच करेंगे और कल शाम हम उन फॉर्मों और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करेंगे, जो वैध हैं। उन्होंने बताया कि इन 3 में से कोई भी पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है। वे अपने दम पर चुनाव लड़ रहे हैं।