नई दिल्ली। उमस भरी गर्मी से उबल रहे दिल्ली को रविवार को फौरी राहत मिली है, आज यहां सुबह एकदम से मौसम का मिजाज बदला है, जिससे कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई हैं और कई जगहों पर धूल भरी आंधी चल रही है, भारतीय मौसम विभाग ने अंदेशा जताया है कि अगले कुछ घंटों के दौरान एनसीआर में भारी बारिश हो सकती है। मौसम की अचानक करवट से राजधानी दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, सुबह 10 बजे तक राजधानी दिल्ली का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
गर्मी से उबल रही दिल्ली को बारिश से मिली राहत
इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को कहा था कि उत्तरी राज्यों में रविवार शाम को आंधी और बारिश आ सकती है, राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है, राज्य में चूरू में पारा सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस था, जिसके बाद बीकानेर में 42.6 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इस रेगिस्तानी राज्य में कुछ-कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
बिहार में गर्मी के कारण 30 लोगों की मौत
बिहार में गर्मी और लू की वजह से यहां पर एक दिन में करीब 30 लोग मौत के शिकार हो गए हैं, अकेले औरंगाबाद से लू के चलते 26 लोगों के मौत की खबर है, बाकी चार मौतें नवादा और गया में हुई हैं, सरकार ने लोगों से कहा कि वो गर्मी में अपना ख्याल खुद रखें और सावधानियां बरतें।
पूरे उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप जारी है, आसमानी तपिश से बुरी तरह से झुलस रहे लोगों बेसब्री से मॉनसून के आने का इंतजार कर रहे हैं, हालांकि चक्रवात ‘वायु’ ने मॉनसून का खेल बुरी तरह से बिगाड़ दिया है जिस की वजह से पहले से ही लेट मॉनसून अब और लेट हो गया है और ये मुंबई में 7 दिन विलंब से पहुंचने वाला है, हालांकि चक्रवात की वजह से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला है और बहुत जगहों बारिश भी हुई है, विभाग ने कहा है इलाकों में हो रही बारिश प्री-मॉनसून बारिश है।