लखनऊ (यूपी): प्रियंका गांधी ने यूपी में चुनाव संपन्न होने के बाद आए एग्जिट पोल पर पहली प्रतिक्रिया दी, प्रियंका गांधी ने कहा कि हम जितनी मेहनत से लड़ सकते थे, हम लड़े, हम इंतजार करेंगे और परिणाम देखेंगे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज का मार्च हमारी 159 महिला उम्मीदवारों का जश्न मनाने का है, मुझे लगता है कि यह बड़ी बात है कि सभी ने लड़ाई लड़ी और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हमें उन्हें मनाना चाहिए।
इससे पहले प्रियंका गांधी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ के 1090 चौराहे से वीरांगना उदा देवी चौराहे तक महिलाओं के एक पैदल जुलूस का नेतृत्व किया, बता दें कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा दिया और महिला उम्मीदवारों को 40 फीसदी टिकट दिए।
इस नारे के नाम पर आज के जुलूस का नाम रखा गया, जुलूस में राज्य भर से महिलाओं समेत हजारों लोग शामिल हुए, इस दौरान लोगों ने गुलाबी रंग के झंडे पकड़ रखे थे, जिन पर लिखा था, ‘‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं।
जुलूस ने लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय की तथा प्रियंका एवं अन्य कांग्रेस नेताओं द्वारा वीरांगना उदा देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
एक घंटे से अधिक के मार्च में लड़कियों ने काफी उत्साह दिखाया और सक्रिय रूप से भाग लिया और प्रियंका के साथ सेल्फी ली, जुलूस में पार्टी की 159 महिला उम्मीदवारों के अलावा महिला विधायकों, सांसदों और विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी महिलाओं को आमंत्रित किया गया था।
नेट्टा डिसूजा ने कहा कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ सिर्फ चुनाव प्रचार का नारा नहीं है बल्कि यह महिला सशक्तीकरण सुनिश्चित करने का एक प्रयास है।
प्रियंका ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान और उससे पहले भी महिलाओं से संबंधित मुद्दों को उठाया था, उन्होंने उन्नाव और हाथरस में बलात्कार पीड़ितों के परिवारों से भी मुलाकात की थी , उन्नाव की सदर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने उन्नाव बलात्कार पीडिता की मां को पार्टी का टिकट देकर चुनाव भी लड़ाया था।