केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम (दुनिया एक परिवार है) के दर्शन को अपनाता है और कभी भी युद्ध को प्रोत्साहित नहीं करता है। हमेशा अपने पड़ोसियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहता है, लेकिन अगर कोई उकसाता है, तो देश के पास हर स्थिति का सामना करने की क्षमता है।
अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले से बीआरओ द्वारा निर्मित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सियोम ब्रिज और 27 अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, भारत एक ऐसा देश है जो कभी भी युद्ध को प्रोत्साहित नहीं करता है और हमेशा अपने पड़ोसियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहता है। यह हमारा दर्शन भगवान राम से और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं से विरासत में मिला है। उन्होंने कहा कि भारत के पास किसी भी तरह की स्थिति का सामना
करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा, दुनिया आज कई तरह के संघर्षो को देख रही है। भारत हमेशा युद्ध के खिलाफ रहा है। यह हमारी नीति है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस संकल्प की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित किया, जब उन्होंने कहा कि यह युद्ध का युग नहीं है। रक्षा मंत्री ने कहा, हम युद्ध में विश्वास नहीं करते हैं, लेकिन अगर यह हम पर थोपा गया, तो हम लड़ेंगे। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं।
राष्ट्र सभी खतरों से सुरक्षित रहे । हमारे सशस्त्र बल तैयार हैं और यह देखकर खुशी हो रही है कि बीआरओ उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। उन्होंने परियोजनाओं को सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों को बढ़ाने और दूर-दराज के क्षेत्रों के सामाजिक- आर्थिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की दिशा में भारत सरकार और बीआरओ के ठोस प्रयासों का फल बताया।