बिहार की राजनीति में एक बार फिर से हलचल मची है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी JDU के वरिष्ठ नेता उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने नए दल के गठन का ऐलान किया है। उनकी नई पार्टी का नाम ‘राष्ट्रीय लोक जनता दल’ होगा।
उपेंद्र कुशवाहा ने विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। कुशवाहा अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैं पार्टी की तमाम जिम्मेदारियां छोड़ रहा हूं। सीएम नीतीश कुमार और ललन सिंह को सुबह जानकारी दी थी। कुशवाहा ने कहा कि विपक्षी पार्टियों में एकता नहीं है और ऐसे में पीएम मोदी के लिए 2024 में जीतना आसान होगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को राज्य चलाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जॉर्ज फर्नाडिंस के कारण नीतीश कुमार मुखिया बने थे। उस समय जनता तबाह थी। हमने बिहार की जनता को उस हालात से निकालने के लिए 10-12 साल तक संघर्ष चला। हम सब साथ रहे। बिहार को खौफनाक मंजर से निकालने में पूरी ताकत लगा दी।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि नीतीश कुमार गलत रास्ते पर चल रहे हैं। जिस लड़ाई की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर और शरद यादव ने की थी, उसे जारी रखना अब जदयू में संभव नहीं है। नीतीश कुमार ने जदयू को राजद के हाथों गिरवी रख दिया है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जिससे लड़ने के लिए हमने कुर्बानी दी, नीतीश कुमार ने उन्हीं लोगों के हाथों जदयू को बंधक बना दिया है। नीतीश कुमार को पार्टी के अंदर अपना उत्तराधिकारी नहीं मिला, उन्होंने राजद के एक नेता को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया।