त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। त्रिपुरा में 16 फरवरी और नगालैंड-मेघालय में 27 फरवरी को एक-एक चरण में मतदान होगा। तीनों ही राज्यों में 60-60 सदस्यीय विधानसभा है। त्रिपुरा में इस वक्त भाजपा की सरकार है। वहीं, नगालैंड में एनडीपीपी के नेफ्यू रियो मुख्यमंत्री हैं। मेघालय में एनपीपी के कोनराड संगमा की सरकार है। दोनों राज्यों में भाजपा सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, इस साल की यह पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस है इसलिए आप सभी को नए साल की शुभकामनाएं। इस साल तो शुरुआत हुई है तो लगातार मिलते रहेंगे। अभी तीन राज्य त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय की चर्चा हो रही है। मार्च में तीनों असेंबली का टर्म खत्म हो रहा है। तीनों में ही 60 विधानसभा सीटें हैं। इन तीनों ही चुनावों में महिलाओं की सहभागिता पुरुषों से ज्यादा रहती है। हालांकि चुनाव की अपनी कुछ चुनौतियां रहती हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि तीनों राज्यों में महिला वोटरों की भागीदारी ज्यादा है और यहां चुनावी हिंसा भी ज्यादा नहीं होती। हम यहां पर निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नॉमिनेशन: त्रिपुरा- 21 जनवरी से 30 जनवरी तक, मेघालय-नगालैंड- 31 जनवरी से 7 फरवरी
नाम वापसी की आखिरी तारीख: त्रिपुरा- 2 फरवरी, मेघालय-नगालैंड-10 फरवरी
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि वोटर लिस्ट पब्लिश हो गई हैं। तीनों राज्यों में महिला वोटरों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने बताया कि नगालैंड में 2,315, मेघालय में 3,482 और त्रिपुरा में 3,328 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 50% पोलिंग बूथ पर वेब कास्टिंग की जाएगी।
चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही तीनों राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है। नगालैंड में विधानसभा का कार्यकाल 12 मार्च, मेघालय में 15 मार्च और त्रिपुरा विधानसभा का कार्यकाल 22 मार्च को पूरा हो रहा है। त्रिपुरा में जहां बीजेपी की अपनी सरकार है। वहीं मेघालय और नगालैंड में बीजेपी गठबंधन सरकार का हिस्सा है।