नई दिल्ली: भारत के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी इस समय अपने सैन्य फर्ज को पूरा करने के लिए कश्मीर में हैं। वहां वे टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की ड्यूटी निभा रहे हैं। धोनी यहां पर 15 अगस्त तक रुकने वाले हैं। हालांकि धोनी चाहें तो उन्हें कश्मीर में ही दो माह का सेवाकाल भी दिया जा सकता है। फिलहाल यह तह है कि धोनी 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल होंगे। अपनी ड्यूटी के दौरान वे जवानों के साथ गश्त करते, गार्ड ड्यूटी और पोस्ट ड्यूटी संभालते हुए नजर आने वाले हैं।
इसी बीच धोनी के ताजा वीडियो फुटेज सामने आ रहे हैं जिनमें वे अपने सहकर्मियों के साथ वॉलीबॉल खेलते हुए नजर आ रहे हैं। अभी यह स्पष्ट तौर पर पता नहीं लग सका है कि यह वीडियो कश्मीर के किस भाग का है। आप इस वीडियो को यहां पर देख सकते हैं। बता दें यह धोनी का पहला कश्मीर अभियान नहीं है। वे 2012 में भी सेना के साथ एक सप्ताह का समय बिताने के दौरान कश्मीर में रहे थे। उस समय उन्होंने विभिन्न जगहों पर सैन्यकर्मियों और अधिकारियों के बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ाया था। वह उड़ी सेक्टर के साथ एलओसी के साथ सटे इलाकों में भी गए थे। दूसरी बार धोनी 2017 में कश्मीर आए थे और तब भी उन्होंने कुछ सैन्य कार्यक्रमों में भाग लिया था।
धोनी अपनी ड्यूटी के दौरान एक सामान्य सैनिक अधिकारी के सभी कर्तव्यों को पूरा करेंगे। बताया जा रहा है कि उन्हें किसी भी मुठभेड़ या आतंकियों के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियानों से दूर रखा जाएगा। थलसेना प्रमुख विपिन रावत भी कह चुके हैं कि धोनी के साथ इस दौरान एक सैनिक की तरह ही व्यवहार किया जाएगा। उनको किसी तरह की सुरक्षा नहीं दी जाएगी। वह एक सैन्य अधिकारी के तौर पर यहां तैनात रहेंगे और वही काम करेंगे जो उनकी रैंक के अधिकारी की जिम्मेदारी है। यानी की वे सामान्य सैनिकों की तरह लोगों के रक्षक की भूमिका निभाएंगे।