उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर अपने सहयोगी भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने केंद्र में बैठी मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में साम्प्रदायिक दंगे करा सकती है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राजभर का यह बयान बीजेपी के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला है। एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।

हाल ही में सामने आई अमेरिका की एक कथित खुफिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि मोदी सरकार लोकसभा चुनाव से पहले भारत में दंगे करवाने का माहौल बना रही है। उन्होंने आगे कहा, ‘आगामी 21 फरवरी को साधु राम मंदिर के नाम पर चिमटा बांटेंगे और भाजपा दंगा करायेगी। क्योंकि सत्ता की भूखे भाजपा के लोग वोट के लिये कुछ भी करा सकते हैं। उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री राजभर ने लोगों से कहा कि देश में हिंदुओं और मुस्लिमों को मिल जुलकर रहना चाहिए।

ओमप्रकाश राजभर
आपको बता दें कि इससे पहले भी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी पर निशाना साधा था। इसके साथ केंद्रीय मंत्री ओमप्रकश राजभर ने प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी कैबिनेट के मंत्रियों द्वारा गंगा स्नान किए जाने पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अपने पाप धोने के लिये कुंभ में गंगा स्नान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार में सपा और बसपा सरकार की तुलना में चार गुना अधिक भ्रष्टाचार है। अक्सर अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी करने वाले राजभर ने कहा कि योगी सरकार के मंत्रिपरिषद सदस्य कुम्भ में अपना पाप धोने के लिए गए थे। देश की जनता से वादाखिलाफी भी पाप है। इसी को धोने का काम योगी सरकार के मंत्रियों ने किया है।