नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं कर्नाटक के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्य मंत्री के एस ईश्वरप्पा ने बुधवार को कहा कि पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को हटाये जाने की चर्चा हाे रही है और इस पर उच्च कमान अंतिम निर्णय लेगा।
ईश्वरप्पा ने संवाददाताओं से कहा, “यह सत्य है कि कुछ लोगों ने प्रस्ताव दिया है कि मुख्यमंत्री बदला जाना चाहिए। दूसरे कुछ लोग चाहते हैं कि येदियुरप्पा मुख्यमंत्री बने रहें। यहां तक कि कुछ लोग दिल्ली भी गये हैं।”
ये भी पढ़ें : पाकिस्तान में उठी काली आँधी के ख़तरे!
मंत्री ने स्वीकार किया कि पार्टी में समस्यायें हैं। उन्होंने कहा, “यदि मैं यह कहता हूं कि कोई समस्या नहीं है तो मैं झूठ बोल रहा हूं। भाजपा महासचिव एवं कर्नाटक के पार्टी प्रभारी अरुण सिंह स्पष्ट रूप से समस्याओं के समाधान के लिए आ रहे हैं।”
ईश्वरप्पा ने कहा, “मंत्री और पार्टी के पदाधिकारी सिंह से मिलेंगे और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत करायेंगे। ”यह पूछे जाने पर कि क्या सिंह के दौरे के बाद नेतृत्व में कोई परिवर्तन होगा, ईश्वरप्पा ने कहा, “मैं नहीं जानता। उच्च कमान जो भी फैसला लेगा,वह अंतिम होगा।”
इस बीच, कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने संवाददाताओं से कहा कि येदियुरप्पा अगले दो वर्षों तक राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। सिंह मंत्रियों से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा, “जो कोई भी सिंह से मिलना चाहता है, वह ऐसा कर सकता है। विधायक उनसे व्यक्तिगत तौर पर भी बात कर सकते हैं।”
ये भी पढ़ें : लेख : न्यूयार्क टाइम्स के झूठे हैं तो क्या मोदी सरकार के आँकड़े सही हैं? : रवीश कुमार
कृषि मंत्री वी सी पाटिल ने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन का यह ठीक समय नहीं है। उन्होंने कहा, “ऐसे समय जब कोविड-19 महामारी फैली हुई है। नेतृत्व परिवर्तन के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने का यह ठीक समय नहीं है।”
उन्होंने ईश्वरप्पा के इस आरोप का भी खंडन किया कि जनता दल (सेकुलर) और कांग्रेस के भाजपा में शामिल होने वाले 17 विधायकों ने पार्टी में भ्रम पैदा किया है। ऐसे सवाल इस समय नहीं उठाये जाते। ईश्वरप्पा हमें शुरुआत से समर्थन दे रहे हैं।