लखनऊ (यूपी) : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जब जब लाल टोपी पहने नौजवानों ने साइकिल चलाई है तब तब बदलाव हुआ है। सन् 2011 में जब लगातार साइकिल चली तो 2012 में उस समय की सरकार का सफाया हो गया।
अभी साइकिल पर पैडल नहीं मारा गया और मौसम में बदलाव हो गया, तो जब मौसम बदला है तो रामपुर से चली साइकिल यात्रा से देश-प्रदेश का राजनीतिक मौसम भी जरूर बदलेगा। भाजपा की सरकार किसी सूरत में नहीं बचेगी, उसका जाना तय है।
अखिलेश यादव आज रामपुर में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से प्रारम्भ समाजवादी साइकिल यात्रा से पहले उपस्थित विशाल जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
ये भी पढ़ें : चीन ने भारत के विरोध के बावजूद ब्रह्मपुत्र नदी पर दी बांध बनाने की मंजूरी
उन्होने कहा साइकिल के पहिया से विकास जुड़ा है। रफ्तार साइकिल की ताकत है। इसी से तरक्की-खुशहाली आती है। अब इंटरनेट के जमाने में भी तीन पहिए (w.w.w) लगते हैं। साइकिल यात्रा के साथ जनअभियान में साइकिल की ताकत संतुलन से बंधी है।
अखिलेश यादव ने आज स्वयं जौहर विश्वविद्यालय से प्रारम्भ साइकिल यात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ इस साइकिल यात्रा में दर्जनों विधायक, युवा संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष तथा शहर के युवक भी बड़ी संख्या में साइकिल चला रहे थे।
साइकिल यात्रा के दौरान सड़क के दोनों तरफ लोगों ने फूल बरसा कर साइकिल चला रहे अपने नेता अखिलेश यादव का अभिवादन किया। नौजवानों में उत्साह का माहौल था। राहगीर और स्थानीय लोग अपने नेता की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखे।
यादव ने कहा कि अब चुनाव में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। पंचायत चुनाव और पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद ही उत्तर प्रदेश में चुनाव की हलचल शुरू हो जाएगी। आज से हमारा भी प्रचार शुरू हो रहा है।
ये भी पढ़ें : क्या पत्रकार ही पत्रकार के दुश्मन बन गए?
उन्होंने लेकिन चेतावनी दी कि हमें भाजपा की साजिशों से सावधान रहना होगा। पश्चिम बंगाल में जो हो रहा है वैसे ही हम आप पर भी हमले होंगे। अभी कल हमारे साथ साजिश के तहत मुरादाबाद में पहले लिफ्ट की लाइट बंद कर दी गई ताकि हम निकल न सकें। उन्होंने कहा चुनाव के दिन थोड़े ही बचे हैं, अब जो होगा अच्छा ही होगा।
अखिलेश यादव ने कहा सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां और उनके परिवार सहित उनके तमाम साथियों पर गम्भीर धाराओं में मुकदमें लगा दिए गए हैं। उन्हें झूठे मुकदमों में फसाया गया है। आजम साहब अकेले नेता है जिन पर बहुत ज्यादा मुकदमें लगा दिए गए हैं।
उन्होंने जौहर विश्वविद्यालय जैसा शानदार शैक्षिक संस्थान बनाया ताकि आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर हो। समाजवादी सरकार ने भी अपने कार्यकाल में ऐसी संस्थाएं, यूनीवर्सिटीज बनवाईं ताकि नौजवानों का भविष्य अच्छा हो। रामपुर में समाजवादी सरकार के कार्यकाल के जो काम अधूरे रह गए, उन्हें अगली सरकार में पूरे किये जाएंगे।
यादव ने कहा कि हमारे विपक्षी की भाषा है कि ‘ठोक दो‘, जिनकी यह भाषा हो उनसे क्या उम्मीद करें। लेकिन हमें न्यायालय पर भरोसा है। हमें विश्वास है कि न्यायालय में मोहम्मद आजम खां की बात सुनी जाएगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
उन्होंने कहा भाजपा का विकास से कोई रिश्ता नहीं है। समाजवादी सरकार के कामों का फीता काटने के अलावा उन्हें कोई दूसरा काम नहीं आता है। आज किसान, नौजवान सभी त्रस्त हैं। मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। हम साइकिल चला रहे हैं तो प्रशासन उस पर भी मुकदमें दर्ज करने की सोच रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर रही है, हम उसे ऐसा नहीं करने देंगे। गंगा-जमुनी तहजीब को मिटाने के मंसूबे को कामयाब नहीं होने देंगे। जनता को डराया जा रहा है। किसानों के आंदोलन को हमारा समर्थन है।