नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की गोरखपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रविश किशन ने कहा है कि भारत एक हिन्दू राष्ट्र है। संसद परिसर में बुधवार को नागरिकता संशोधन बिल से जुड़े एक सवाल के जवाब में मीडिया से कहा, हिंदुओं की जनसंख्या 100 करोड़ से ज्यादा है, तो जाहिर है कि भारत एक हिंदू राष्ट्र है। मुसलमानों और ईसाईयों के दुनिया में बहुत से देश हैं। हमारे पास एक भारत नाम का देश है, ये देश हमारे पास अपनी संस्कृति को जीवित रखने के लिए है।
रवि किशन ने संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा, यहां 100 करोड़ हिंदू आबादी है, तो हिंदुस्तान हिंदू राष्ट्र अपने आप ही है। उन्होंने आगे कहा, ‘जब इतने सारे मुसलमान देश हैं, जब इतने सारे ईसाई देश हैं तो यह अद्भुत है कि हम लोगों का अस्तित्व, हम लोगों की पहचान और संस्कृति जीवित है और इसे जीवित रखने के लिए एक माटी है जिसका नाम भारत है।’ रवि किशन ने आगे कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि 100 करोड़ हिंदुओं का एक स्थान है जिसको विश्व जानता है और आज भारत का सम्मान पूरे विश्व में है।
बता दें कि पूरे देश में एनआरसी लागू करने के बिल को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है और अब यह विधेयक पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा में जाएगा। वहीं विपक्ष लगातार इस बिल का विरोध कर रहा है।
विपक्ष का सबसे बड़ा विरोध यह है कि इसमें खासतौर पर मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया गया है। उनका तर्क है कि यह संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन है जो समानता के अधिकार की बात करता है। इस बिल के तहत अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के अवैध प्रवासियों को नागरिकता दी जाएगी। हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन और पारसी धर्म के अवैध प्रवासियों को इस बिल का लाभ मिलेगा।