कांग्रेस को गांधी परिवार से बाहर का नया अध्यक्ष मिल जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान की आज सुबह 10 बजे से गिनती होगी। इस काउंटिंग के परिणाम शाम 3 बजे से लेकर 4 बजे के बीच आने की उम्मीद है। पूरे देश से मतपेटियां कांग्रेस कार्यालय पहुंच चुकी हैं।
9,915 में से 9,500 से ज्यादा निवार्चक मंडल सदस्यों ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए सोमवार को मतदान किया था। कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए इस बार छठी बार चुनाव हो रहा है।
अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच टक्कर है। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से खींचा तानी चल रही है। इस बार गांधी परिवार की तरफ से किसी के भी अध्यक्ष बनने से इनकार करने पर वोटिंग को लेकर बात उठी, लेकिन चुनाव के आयोजन में भी काफी समय लग गया।
मतों की गणना से एक दिन पहले राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत दिल्ली पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर मीडिया से कहा कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं है। मल्लिकार्जुन खड़गे का लंबा अनुभव है। शशि थरूर के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव है।
कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष चुनाव के आखिरी बार वर्ष 1998 में चुनाव कराए गए थे। उस वक्त सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच मुकाबला हुआ था। सोनिया गांधी ने इस चुनाव में बड़े अंतर से जितेंद्र प्रसाद को हरा दिया था। इस बार के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में से जो भी जीतेगा वह कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाला 65 वां नेता होगा।