नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों (Lok Sabha Elections 2019) के दौरान विवादित बयानों का सिलसिला जारी है। अक्सर अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाले बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने एक और विवादित बयान देते हुए कहा था कि कोई भी ‘सेक्सी दुर्गा’ जैसी फिल्म बना सकता है लेकिन किसी में भी पैगम्बर मोहम्मद या फिर फातिमा पर फिल्म बनाने का साहस नहीं है। गिरिराज सिंह के इसी बयान पर कई मौलानाओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
ऑल इंडिया दावातुल मुसलमीन के संरक्षक और प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन कारी इस्हाक गोरा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने अबकी नबी करीम और उनकी साहिबजादी हजरत फातिमा को निशाना बनाने की कोशिश की है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, ‘गिरिराज ये समझ लें, मुसलमान हर चीज बर्दाश्त कर सकता है लेकिन मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी बर्दाश्त नहीं कर सकता।’
कारी इस्हाक गोरा ने गिरिराज के बयान पर चुनाव आयोग से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, मदरसा दारुल उलूम फारुकिया के मोहतमिम मौलाना नूरुलहुदा कासमी ने गिरिराज सिंह पर माहौल को खराब करने का आरोप लगाया और कहा कि वे अपने बयान के लिए माफी मांगें नहीं तो हर स्तर पर उनका विरोध किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहिता लागू होने के बाद भी नेताओं के विवादित बयानों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के एक मामले में बिहार की एक अदालत से जमानत मिलने के कुछ ही देर बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विवादों से घिरी मलयालम फिल्म का नाम लिए बिना कहा था कि कोई भी ‘सेक्सी दुर्गा’ जैसी फिल्म बना सकता है, लेकिन किसी में भी पैगम्बर मोहम्मद या फिर फातिमा पर फिल्म बनाने का साहस नहीं है।
बता दें कि गिरिराज सिंह को बीजेपी ने इस बार बिहार की बेगूसराय सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। इस सीट पर मतदान हो चुका है। वहीं कम्यूनिस्ट पार्टी ने भी कन्हैया कुमार को मैदान में उतारा है। गिरिराज सिंह ने दक्षिणी दिल्ली से भाजपा के प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान गिरिराज सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा था कि केजरीवाल ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का हिस्सा हैं।