स्वराज इंडिया रेहड़ी पटरी मोर्चा का लाल किला चौक पर 11 अप्रैल से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन आज दूसरे दिन भी जारी रहा। लाल किला चौक पर प्रदर्शन करने के बाद मोर्चा ने उत्तरी नगर निगम के डी. सी, सिटी एस. पी के दफ्तर तक मार्च निकाला, दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने के बाद ज्ञापन सौंपा।
स्वराज इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत तिवारी ने कहा कि यदि आज हमारी मांग नही मानी गई तो स्वराज इंडिया रेहड़ी पटरी मोर्चा उपराज्यपाल के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करेगा। यह गरीब, मज़दूर चिलचिलाती गर्मी में आज प्रदर्शन करने को मजबूर है, इनके दफ्तर के बाहर अपनी आवाज़ उठा रहें है लेकिन सरकार इतनी बहरी हो चुकी है कि इन गरीब लोगों की आवाज़ उन्हें सुनाई नही पड़ती, इतने अंधे हो चुके है कि इन गरीब, मज़दूर लोगों की, इनके परिवारों की पीड़ा इन्हें नही दिखाई देती।
स्वराज इंडिया दिल्ली के रेहड़ी पटरी मोर्चा के अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि जब तक इन गरीब, मज़दूरों को उनका हक नही मिल जाता तब तक रेहड़ी पटरी के लिए स्वराज इंडिया का संघर्ष जारी रहेगा और हम पूरी दिल्ली के सभी रेहड़ी पटरी वालों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़े है और उनके हक की लड़ाई उनके साथ मिल कर लड़ेंगे। यदि दिल्ली में कही भी किसी रेहड़ी पटरी वाले पर अत्याचार होता है तो वह अपने आप को अकेला न समझे क्योंकि स्वराज इंडिया उसके साथ खड़ा हैं।