हिमाचल प्रदेश का नया मुख्यमंत्री कौन होगा इस पहेली को सुलझा लिया गया है। कांग्रेस हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रतिभा सिंह के समर्थक विधायक मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इस संबंध में मुहर लगा दी गई है रविवार को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा।
कांग्रेस की विधायक दल की बैठक के बाद पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने बताया, ‘विधायकों ने हाईकमान को जिम्मेदारी सौंपी थी। हाईकमान ने सुखविंदर सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना और फिर उन्हें सीएम नियुक्त किया गया।’ उन्होंने बताया कि मुकेश अग्निहोत्री को हिमाचल का डिप्टी सीएम बनाया गया है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू 2003 में हमीरपुर जिले में पड़ने वाली नादौन विधानसभा सीट से चुनकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने इस सीट से 2007, 2017 और अब 2022 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की है। सुखविंदर सिंह सुक्खू 1988 से 1997 तक NSUI के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इसके बाद 1997 से 2007 तक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। सुक्खू को जनवरी 2013 में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था और इस पद पर वह मार्च 2018 तक बने रहे। सुक्खू 1993 से 1998 तक शिमला नगर निगम में पार्षद भी रहे थे।