श्रीनिवास बी वी को भारतीय युवा कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्र जारी कर यह जानकारी दी। श्रीनिवास बीवी कर्नाटक से हैं और इंडियन यूथ कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष बनने से पहले उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त थे।
हाल में वह बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण करते हुए भी नजर आए थे। युवाओं के बीच उनकी अच्छी छवि है।
कांग्रेस की तरफ से श्रीनिवास की नियुक्ति के लिए जो प्रेस रिलीज जारी की गई है उसमें कहा गया है कि पार्टी अध्यक्ष ने उन्हें इस पद पर नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद से राहुल गांधी त्यागपत्र दे चुके हैं और सोशल मीडिया पर लोग पार्टी से पूछ रहे हैं कि कौन अध्यक्ष है जो इन नियुक्तियों को कर रहा है।
दो दिन पहले पार्टी ने एकनाथ गायकवाड़ को मुंबई कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था, और उस समय भी कहा गया था कि पार्टी अध्यक्ष ने यह नियुक्ति की है, उस समय भी लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी से सवाल किया था कि जब पार्टी में कोई अध्यक्ष ही नहीं है तो कौन यह नियुक्तियां कर रहा है।