कर्नाटक में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई पर निशाना साधने के अपने अभियान को तेज करते हुए शुक्रवार को बेंगलुरु के पास नेलमंगला में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में ‘पेसीएम’ के पोस्टर लगाए। कांग्रेस ने बाद में अपने पेसीएम अभियान की तस्वीरें मीडिया के साथ साझा की। वहीं, बाद में इस मामले में कई कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में लिया गया।
कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख डीके शिवकुमार, नेता प्रतिपक्ष सिद्धारमैया और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कांग्रेस नेताओं ने आज शाम बेंगलुरु में सीएम बसवराज बोम्मई के खिलाफ ‘पेसीएम’ के पोस्टर चिपकाए। बाद में उन्हें हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए जाने के बाद ANI रिपोर्टर ने जब पोस्टर के बारे में पूछा कि क्या ये आगे भी जारी रहेगा तो इसपर नेता प्रतिपक्ष सिद्धारमैया ने कहा कि हां, यह विरोध पूरे राज्य में जारी रहेगा। यह कांग्रेस पार्टी द्वारा इस “40% भ्रष्टाचार सरकार” के खिलाफ एक अभियान है।
कांग्रेस के ‘पेसीएम’ पोस्टर ड्राइव पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई भी आरोप सही नहीं है। उन्होंने कोई सबूत नहीं दिया है। यह सब राजनीति से प्रेरित है। मैंने उन्हें सबूत पेश करने की चुनौती दी है। उनके कार्यकाल में कई घोटाले हुए जिनकी जांच की जानी चाहिए।