कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कांग्रेस पार्टी के संगठन चुनाव प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नामांकन की प्रक्रिया की जानकारी ली।
मधुसूदन मिस्त्री ने थरूर के मीटिंग को लेकर बताया कि थरूर ने उनसे मुलाकात कर निर्वाचक मंडल की सूची, चुनाव एजेंट और नामांकन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि थरूर अपने किसी व्यक्ति को 24 सितंबर को नामांकन फॉर्म लेने के लिए भेजेंगे। वह संतुष्ट होकर यहां से गए। मिस्त्री ने कहा कि थरूर ने मुख्य रूप से नामांकन पत्र दाखिल करने की औपचारिकताओं के बारे में जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी पार्टी की कमान नहीं संभालने के संकेत दे चुके हैं। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मुकाबला कांटे का हो सकता है। इस रेस में अब तक सांसद शशि थरूर और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम फाइनल माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गहलोत दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद आज शाम मुंबई जाएंगे और बृहस्पतिवार को केरल जाएंगे, जहां राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।