नई दिल्ली। भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में जल्द ही मानसून के पहुंचने की संभावना है। दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, यूपी समेत कई और राज्यों में मानसून के दस्तक की उम्मीद जताई गई है। अगले दो-तीन दिन में मानसून उत्तर भारत के आठ राज्यों को सराबोर करने के लिए बढ़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक दिल्ली में अगले 72 घंटों में बारिश की संभावना है। इसी के मानसून राजधानी में पहुंचेगा। दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में भी मानसून की दस्तक होगी।
भारतीय मौसम विभाग के अधिकारी नरेश ने बताया, “उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों में अगले 72 घंटे में मानसून की झमाझम बारिश होने वाली है। उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी अगले दो दिन में मानसून की अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। वहीं अगले चार से पांच दिनों में उत्तराखंड में भी बहुत अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह मुंबई समेत चार राज्यों में लगातार बारिश होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में इस बार पहले की अपेक्षा कम बारिश की उम्मीद है। राजधानी दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा और चंडीगढ़ समेत कई जगहों पर पहले की तुलना में 25 से 50 फीसदी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि जिस तरह से भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्लीवासी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, मौसम विभाग के नए अपडेट के बाद उन्हें थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
मौसम विभाग का कहना है की अगले दो से तीन दिन में दिल्ली में बारिश हो सकती है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के इस अपडेट के बाद ये साफ है कि दिल्ली में इस हफ्ते मानसून की दस्तक हो जाएगी। वहीं बात करें मुंबई की तो वहां बारिश कहर बनकर टूटी है, हर जगह जलभराव होने से लोगों का दैनिक जीवन अस्त व्यस्त हो गया है, चारों ओर केवल पानी ही पानी दिख रहा है।