शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राहुल गांधी को संसद सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद अब संजय राउत की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने शनिवार को जानकारी दी है। संजय राउत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव राज्यसभा में भेजा जा रहा है। यह प्रस्ताव संजय राउत की उस विवादास्पद टिप्पणी से जुड़ा हुआ है। जिसमें उन्होंने विधि मंडल को चोर मंडल कहा था। हालांकि बाद में राउत ने अपनी सफाई में कहा था कि उन्होंने सिर्फ शिंदे गुट के लिए ऐसी टिप्पणी की थी।
बता दें कि संजय राउत राज्यसभा सांसद हैं इसलिए उनके खिलाफ लाया गया विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव राज्यसभा अध्यक्ष को भेजा जा रहा है। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की जाए या नहीं इस पर अब राज्यसभा विचार करेगी।
संजय राउत ने 1 मार्च को कोल्हापुर में विधानमंडल को लेकर कहा था कि यह विधानमंडल नहीं, ‘चोर मंडली’ है। इसके बाद भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाने की मांग की थी। संजय राउत पर महाराष्ट्र विधानमंडल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के अपमान का आरोप लगाया था।
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना ने संजय राउत को संसदीय पार्टी के नेता के पद से हटा दिया था। उनकी जगह लोकसभा सदस्य गजानन कीर्तिकर को नियुक्त किया है।