अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाली बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर एक बार फिर चर्चा में हैं। जेट एयरवेज एयरलाइंस में अपने मन मुताबिक सेवा न मिलने पर प्रज्ञा ठाकुर कंपनी के स्टाफ पर बुरी तरह भड़क गई और फ्लाइट की उड़ान के दौरान ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। साध्वी प्रज्ञा ने विमान की क्रू मेंबर पर गलत व्यवहार का भी आरोप लगाया। प्रज्ञा का गुस्सा इतना बढ़ गया कि फ्लाइट लैंड करने के बाद भी वे अपनी सीट पर बनी रहीं और काफी आग्रह के बाद विमान से बाहर आईं।
आपको बता दें कि प्रज्ञा शनिवार शाम को दिल्ली से स्पाइस जेट की उड़ान संख्या एसजी 2489 से भोपाल आ रही थीं। उन्हें सीट नंबर 2-ए दी गई। सांसद चाहती थीं कि प्रोटोकाल के लिहाज से उन्हें सीट नंबर ए-1 दी जाए, लेकिन यह सीट पहले ही दूसरे यात्री को दी जा चुकी थी।
शाम सात बजे विमान भोपाल में राजाभोज एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यहां सभी यात्री उतर गए, लेकिन साध्वी नहीं उतरीं। स्पाइस जेट के स्टाफ ने भी उनसे नीचे आने का अनुरोध किया, लेकिन वे नहीं मानीं। बाद में एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिल विक्रम विमान के अंदर पहुंचे और सांसद से नीचे उतरने का अनुरोध किया। इसके बाद वे विमान से उतरीं। उनके विमान से समय पर नहीं उतरने के कारण यह विमान भोपाल से 20 मिनट की देरी से वापस दिल्ली रवाना हुआ।
प्रज्ञा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने विमान में धरना नहीं दिया। मैंने अधिकारियों को बताया कि वास्तव में स्पाइस जेट विमान सेवा का स्टाफ यात्रियों के साथ सही व्यवहार नहीं करता है। उन्होंने मेरे साथ पहले भी ठीक से बर्ताव नहीं किया था और आज भी उनका व्यवहार अच्छा नहीं था।’’ प्रज्ञा ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझे बुक की गई सीट नहीं दी। मैंने उनसे नियम दिखाने के लिये कहा और नहीं दिखाने पर अंत में मैंने निदेशक को बुलाया और अपनी शिकायत दर्ज कराई।’’