भारतीय मूल वासी ऋषि सुनक ने यूके में इतिहास रच दिया है। वो यूके के अगले प्रधानमंत्री होंगे। उन्हें कंजर्वेटिव पार्टी का नेता चुना गया है। उनका चुनाव निर्विरोध हुआ। इसी के साथ ये पहला मौका है, जब कोई भारतवंशी यूके के इतिहास में शीर्षतम पद पर पहुंच गया है। ऋषि सुनक सितंबर महीने में पीएम पद की रेस में आखिरी समय पर पिछड़ गए थे, लेकिन लिज ट्रस के इस्तीफे के बाद फिर से जब यूके को प्रधानमंत्री की जरूरत हुई, तो ऋषि सुनक पहली पसंद बनकर सामने आए।
रिपोर्ट्स की मानें तो ऋषि सुनक को 180 से ज्यादा कंजर्वेटिव सांसदों का समर्थन था, जबकि समर्थन के मामले में पेनी काफी पीछे रह गईं। जिसके बाद पेनी ने अपना नाम वापस ले लिया और ऋषि सुनक के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया।
कैसा रहा है अभी तक का सफर
उन्होंने 2015 में 35 साल की उम्र में पहली बार संसद का चुनाव जीता। केवल सात वर्षों में वो आज प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। वे भारत के विख्यात उद्योगपति और इंफ़ोसिस कंपनी के संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति के दामाद हैं। उन्होंने अक्षता मूर्ति से साल 2009 में शादी की थी। ऋषि सुनक, बोरिस जॉनसन कैबिनेट में वित्त मंत्री थे। उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के बाद देश की अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने का वादा किया है। 2015 से सुनक यॉर्कशर के रिचमंड से कंज़र्वेटिव सांसद चुने गए थे। वो नॉर्दलर्टन शहर के बाहर कर्बी सिग्स्टन में रहते हैं। उनके पिता एक डॉक्टर थे और माँ फ़ार्मासिस्ट थीं। भारतीय मूल के उनके परिजन पूर्वी अफ़्रीका से ब्रिटेन आए थे।