रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार के इस्तीफे के बाद से खाली चल रहे प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को नए नाम को घोषणा कर दी गई। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर उरांव झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। अध्यक्ष के साथ 5 कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए गए हैं। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक केशव महतो कमलेश, इरफ़ान अंसारी, मानस सिन्हा, संजय पासवान और राजेश ठाकुर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। डॉ. अजय कुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय के समर्थक अभी हाल में आपस में भिड़ते नजर आए थे। अजय कुमार कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर काबिज थे। दोनों गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई पहली बार नहीं हुई है, इससे पहले भी जमकर बवाल हो चुका है।
अजय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के लिए सहाय गुट के नेताओं ने काफी मशक्कत की। पिछले दिनों सुबोधकांत के नेतृत्व में झारखंड के कई कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली आकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात कर अजय कुमार को हटाकर किसी दूसरे नेता को पार्टी की कमान सौंपने की बात कही थी।
बता दें कि, पार्टी में चल रहे भीतरी कलह के चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने इस महीने की शुरुआत में इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना त्यागपत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ चुके राहुल गांधी को सौंपा था। बता दें कि, लोकसभा चुनाव के बाद से झारखंड में कांग्रेस दो खेमे में बंटी नजर आई थी। कई बार कांग्रेस भवन में दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई थी। राहुल गांधी को लिखे पत्र में अजय कुमार ने लिखा था कि वह कांग्रेस पार्टी को आगे ले जाने के लिए अपने दिल और आत्मा पार्टी में लगाने की कोशिश की। झारखंड में पार्टी की कमान संभालने की जिम्मेदारी लेने के बाद वे पार्टी को एकीकृत और जिम्मेदार संगठन की तरफ ले जाना चाहते थे लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके।