नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 और आर्टिकल 35A पर बयान देते हुए योगगुरु रामदेव ने इसे हटाए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि एक देश के लिए एक ही नियम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 और 35ए को हटाया जाना चाहिए और एक राष्ट्र के लिए एक नियम होना चाहिए।
उन्होंने सवाल किया कि कश्मीरियों के लिए सबकुछ स्पेशल क्यों हो? इस दौरान रामदेव ने पुलवामा हमले को लेकर पाकिस्तान के पीएम को डरपोक बताया और कहा कि उसे ऐसा जवाब देना चाहिए कि वह 50 साल तक न भूले।
रामदेव ने कहा कि कश्मीरी देश में कहीं भी चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन गैर-कश्मीरी लोग कश्मीर में चुनाव नहीं लड़ सकते। उन्होंने कहा कि सारे देश को संगठित होना चाहिए।

गौरतलब है कि भारतीय संविधान का आर्टिकल 370 जम्मू कश्मीर को विशेष स्वायत्तशासी राज्य का दर्जा देता है। वहीं 35ए के मुताबिक जम्मू कश्मीर के नागरिकों को विशेष अधिकार प्राप्त है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में आर्टिकल 35ए की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है।
पाकिस्तान और पुलवामा हमले पर पूछे गए सवाल पर जवाब देते हुए रामदेव पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान पर बरस पड़े। उन्होंने कहा कि इमरान खान डरपोक और अयोग्य व्यक्ति हैं। वह पाकिस्तान की सेना की कठपुतली हैं।
उन्होंने कहा कि हमने अपने तकरीबन 50 हजार सैनिक खोए हैं। ऐसे में पाकिस्तान को ऐसा करारा जवाब देना चाहिए कि वह आने वाले 50 सालों तक उसे भुला न पाए। उन्होंने आगे कहा कि युद्ध ही एकमात्र जवाब है और इसके बिना शांति नहीं आ सकती।