ADVERTISEMENT
लखनऊ: यूपी कांग्रेस के संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के करीबी अजय कुमार लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के बाद से यूपी कांग्रेस में घमासान तेज हो गया है। इसके विरोध में पूर्व एमएलसी सिराज महेंदी ने इस्तीफा देते हुए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी, तो वहीं अब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने भी सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को लिखे पत्र में वरिष्ठ कांग्रेसियों पर आरोप लगाए हैं।
राज बब्बर ने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को लिखे अपने पत्र में जो कुछ कहा, उससे एक बात साफ हो गई है कि बब्बर ने भी पार्टी को धीरे से जोर का झटका दे दिया है। राज बब्बर ने कहा कि मेरी तमाम कोशिशों के बावजूद कुछ कमियां रह गईं, जिसकी वजह से अपेक्षाकृत परिणाम नहीं मिल सके। कभी अपने विवेक से तो कभी वरिष्ठों के आदेश से फैसले अधूरे ही रहे। जब मैंने नए साथियों को मौका और पुराने साथियों को सम्मान देना चाहा तो कई सहयोगियों को असहजता महसूस होने लगी।
अजय कुमार लालू को पार्टी की कमान
बता दें कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई टीम अपना कार्यभार ग्रहण कर रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेशाध्यक्ष राज बब्बर को हटा कर उनकी जगह अजय कुमार लालू को पार्टी की कमान सौंपी थी। लालू के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में तकरीबन सभी पदों पर नए चेहरों को लगाया गया है। अपनी विदाई के बाद पूर्व अध्यक्ष राज बब्बर ने सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और सीएलपी लीडर आराधना मिश्रा के नाम एक पत्र लिखा। इसमें बब्बर ने कहा कि किन्हीं कारणों से शुक्रवार को लखनऊ में मेरी उपस्थिति संभव नहीं होगी।