चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमत्रीं कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नागरिकता संशोधन बिल पर एक बार फिर मोदी सरकार और बीजेपी को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि भारत का धर्मनिरपेक्ष ताना-बाना हमेशा से ही मजबूत रहा है, अगर इसे अलग-थलग करने की कोशिश की जाती है तो कांग्रेस पार्टी समेत पूरे देश की जनता द्वारा इसका विरोध किया जाएगा। बता दें कि, सीएम अमरिंदर सिंह पहले की नागरिकता संशोधन बिल को पंजाब में लागू करने से इनकार कर चुके हैं।
अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार कानून को देश के धर्मनिरपेक्ष ताने बाने से अलग नहीं होने देगी, जिसकी ताकत उसकी विविधता में निहित है। उन्होंने कहा कि संसद को ऐसा कोई कानून पारित करने का अधिकार नहीं है, जो संविधान के मूल सिद्धांतों और भारत के लोगों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता हो।
इससे पहले कैप्टन ने ऐलान किया है कि को किसी भी हाल में पंजाब में CAB को लागू नहीं करने दिया जाएगा। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि नागरिकता संसोधन विधेयक को लागू होने से रोकने के लिए पंजाब विधानसभा में जल्द ही एक प्रस्ताव भी लाया जाएगा।
वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप ने नागरिकता संशोधन विधयेक पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक कार्यक्रम में पहुंचे अनुराग कश्यप ने कहा कि ‘यह रुकने वाला नहीं है। हमने इसके लिए उन्हें वोट दिया था। हमें यही मिलना चाहिए और यही मिलता रहेगा। मैंने खुद को इन सबसे अलग कर लिया है। मैं किसी भी बात का समर्थन नहीं करता हूं।’
कपिल सिब्बल लड़ेंगे केसः सांसद
मुस्लिम लीग के सांसद पीके कुनहालकुट्टी ने बिल का विरोध करते हुए कहा कि हमने कल बुधवार को संसद से पास नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ केस फाइल कर दिया है। यह हमारे संविधान के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। यह संविधान के मूल भावना के बिल्कुल खिलाफ है और किसी को भी धर्म के आधार पर इसको नष्ट करने नहीं दिया जाएगा।