नई दिल्ली: संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद के बाहर हजारों की संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। दरियागंज में भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे, इस दौरान भीड़ हिंसक हो गई। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया, इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एक कार को आग के हवाले कर दिया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस ने इसके अलावा दिल्ली के जामा मस्जिद पर प्रदर्शन कर रहे भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर ‘रावण’ को भी हिरासत में लिया है।
वह संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ मस्जिद के अंदर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा, ”हमें बलिदान देना होगा ताकि कानून वापस लिया जाए। हम हिंसा का समर्थन नहीं करते। हम शुक्रवार सुबह से मस्जिद के अंदर बैठे थे और हमारे लोग हिंसा में शामिल नहीं थे।” आजाद शुक्रवार को पुलिस को चकमा देकर जामा मस्जिद पहुंचे थे।
भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद हाथ में संविधान की प्रति पकड़ जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे लेकिन दिल्ली गेट इलाके में उन्हें रोक दिया गया जहां बड़ी संख्या में अवरोधक लगाए गए थे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी अपनी बेटी मिराया के साथ प्रदर्शन में शामिल होने शाम को इंडिया गेट के पास स्थित मैदान में पहुंचीं। यह दूसरा मौका है जब कांग्रेस नेता इस हफ्ते नए कानून के खिलाफ प्रदर्शन के लिये इंडिया गेट पहुंचीं। पुलिस द्वारा दिल्ली गेट इलाके में प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाने के लिये बल प्रयोग किये जाने पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। इस दौरान मची अफरा-तफरी के बीच एक कार को आग लगा दी गई जबकि कई अन्य गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया।