नई दिल्ली: अपने विवादित बयान को लेकर एक बार फिर बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर चौतरफा घिर चुकी हैं। आज लोकसभा में बहस के दौरान उन्होंने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बता दिया। प्रज्ञा ठाकुर के इस टिप्पणी पर कांग्रेस सांसदों ने कड़ी आपत्ति जताई। उधर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीस सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं ने जो गांधीवादी मुखौटा लगाया था वो आज संसद में उतर गया।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर प्रज्ञा ठाकुर के बयान को शर्मनाक बताया। उन्होंने लिखा, ‘इस सांसद ने भारत के पहले आतंकवादी का देशभक्त बताकर बचाव करके संसद का अपमान किया है। शर्मनाक। बीजेपी ने कल संविधान दिवस मनाया था। आज आतंक की आरोपी इनकी सांसद ने गोडसे को देशभक्त बताया है। प्रधानमंत्री कब स्पष्ट करेंगे- यह गोडसे का भारत है या गांधी का भारत?’
आपको बता दें कि आज AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस 19 वर्षो से झारखंड की आवाम को छलती रही है। प्रदेश के विकास के नाम पर दोनों ने झारखंड की संपदा को लूटा है। प्रदेश की जनता इन दोनों से सतर्क रहे। ओवैसी विश्रामपुर डाक बंगला के मैदान में AIMIM के विश्रामपुर प्रत्याशी अशर्फी चंद्रवंशी व गढ़वा विधानसभा प्रत्याशी डॉ. एमएन खान के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा धार्मिक उन्माद को बढ़ाकर लोगो की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती है। वहीं कांग्रेस छद्म धर्मनिरपेक्षता का लबादा ओढ़कर अकलियत, दलितों व आदिवासियों को धोखा दे रही है। देश मे सिर्फ एआइएमआइएम ही असली धर्मनिरपेक्ष पार्टी है।