बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को रांची में उनके पिता लालू यादव से मिलने नहीं दिया गया। तेजस्वी यादव शनिवार को रांची के रिम्स में इलाजरत अपने पिता लालू प्रसाद यादव से मिलने पहुंचे थे। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें अपने पिता से मिलने की अनुमति नहीं दी। तेजस्वी ने बीजेपी सरकार पर साजिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, कल शाम से रांची अस्पताल में इलाजरत अपने पिता से मिलने की प्रतीक्षा में हूं लेकिन तानाशाही भाजपा सरकार नियमानुसार एक बेटे को अपने पिता से मिलने भी नहीं दे रही है।
तेजस्वी ने कहा, लालू जी के साथ साजिश की जा रही है। जेल सुरक्षा में और वो भी अस्पताल में इलाजरत रहते उनके कमरे में रोज छापामारी हो रही है। तेजस्वी ने आगे कहा कि दो सप्ताह पहले डॉक्टरों ने जेल अधीक्षक को लालू जी का इको और एक्सरे कराने को कहा था। लेकिन वह इसलिए नहीं हो पा रहा है कि उन्हें दूसरी बिल्डिंग में ले जाने के लिए सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। यह अन्याय है। सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है। यह सरासर मानवीय मूल्यों का उल्लंघन है।
कल शाम से राँची अस्पताल में ईलाजरत अपने पिता से मिलने की प्रतीक्षा में हूँ लेकिन तानाशाही BJP सरकार नियमानुसार एक बेटे को अपने पिता से मिलने भी नहीं दे रही है।लालू जी के साथ साज़िश की जा रही है।जेल सुरक्षा में और वो भी अस्पताल में ईलाजरत रहते उनके कमरे में रोज छापामारी हो रही है।

गौरतलब है कि आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव शनिवार को ही अपने पिता लालू यादव से मिलने गए थे। लेकिन उन्हें अपने पिता से मिलने की अनुमति नहीं दी गई।












