दिल्ली: पहलवानी में हरियाणा और देश का मान बढ़ा चुके पहलवान योगेश्वर दत्त ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने उन्हें भाजपा का पटका पहना कर शामिल करवाया। योगेश्वर दत्त भाजपा से विधानसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं। बता दें कि योगेश्वर दत्त ने 2012 के लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा वह पद्मश्री से भी सम्मानित किए जा चुके हैं। योगेश्वर दत्त 2014 के कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।
योगेश्वर दत्त के अलावा भाजपा में शामिल होने के बाद भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह ने कहा- मैं राजनीति में शामिल हो गया हूं क्योंकि मैं पीएम मोदी से प्रभावित हूं। उनकी ईमानदारी ने मुझे पार्टी की ओर आकर्षित किया। पीएम और हरियाणा सीएम दोनों युवाओं के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं। अगर पार्टी मुझे चुनाव लड़ने में सक्षम मानती है तो मैं जरूर लड़ूंगा।
पार्टी सूत्रों की मानें तो आम चुनावों के दौरान योगेश्वर बीजेपी से लोकसभा टिकट के दावेदार भी थे। हालांकि तब उन्हें टिकट नहीं मिला था। इससे पहले पार्टी की राज्य इकाई ने उनके नाम की अनुशंसा की। हरियाणा के रहने वाले कुश्ती खिलाड़ी ने बुधवार को सुभाष बराला से मुलाकात की थी और उन्हें सूचित किया कि उन्होंने हरियाणा पुलिस से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के किसी विधानसभा सीट से उन्हें टिकट दी जा सकती है। यह उनका गृह जिला भी है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। महिला रेसलर बबीता फोगाट ने हाल में अपने पिता के साथ बीजेपी का दामन थाम लिया था। खबरें हैं कि वह भी विधानसभा चुनाव में उतर सकती हैं।