नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स) सुरक्षा हटाने का फैसला लिया है।
इस फैसले की कांग्रेस ने कड़े शब्दों में आलोचना की है। कांग्रेस ने इसे मोदी सरकार की निजी बदले की कार्रवाई बताया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के महासचिव वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे मोदी और अमित शाह की निजी खुन्नस बताया है।
इसी बीच गांधी परिवार के एसपीजी कवर को वापस लेने के सरकार के फैसले के खिलाफ गृह मंत्री अमित शाह के आवास के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया है।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की SPG सुरक्षा हटाए जाने पर कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेस की। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की SPG सुरक्षा हटाना सही नहीं है। पीएम मोदी और अमित शाह ने निजी खुन्नस के कारण यह फैसला किया है। पूर्व पीएम वीपी सिंह ने भी ऐसा ही किया था और राजीव गांधी की हत्या हो गई थी।
अब सिर्फ पीएम मोदी के पास होगी एसपीजी सुरक्षा
जानकारी के मुताबिक अब गांधी परिवार की सुरक्षा में Z+ श्रेणी की होगी और CRPF के कमांडो सुरक्षा ड्यूटी में तैनात होंगे। यह महत्वपूर्ण फैसला गृह मंत्रालय की उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया है। इसका मतलब है कि अब एसपीजी की सुरक्षा सिर्फ पीएम मोदी के पास ही रहेगी। क्योंकि इससे पहले एसपीजी की सुरक्षा सिर्फ चार लोगों के पास थी जिसमें पीएम मोदी के साथ-साथ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का नाम भी शामिल था।