पटना: बिहार की राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों इन दिनों बाढ़ की चपेट में हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री मंगलवार को देर शाम पटना के जलजमाव क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे। नीतीश कुमार ने पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल के इलाके में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ कई लोग मौजूद रहे। मीडिया ने जब उनसे राजधानी में बाढ़ की स्थितियों पर सवाल किया तो वह भड़क गए। इस दौरान नीतीश ने पूछा कि क्या सिर्फ पटना के कुछ मोहल्लों में आई बाढ़ ही समस्या है। आप लोगों को जो मन में आए करिए, हमें आपकी कोई जरूरत नहीं है।
भाजपा के फायरब्रांड नेता माने जाने वाले गिरिराज सिंह ने कहा, ‘पटना में जलप्रलय प्राकृतिक आपदा नहीं सरकार की चूक है। व्यवस्था की अव्यवस्था है।’ मंत्री ने कहा कि ‘तीन अगस्त को बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर जिला प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था का दावा किया था। लेकिन, बाढ़ आने पर सारी तैयारियों की पोल खुल गई।’
लोग गुस्से में हैं: रामविलास पासवान
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने बिहार की बाढ़ की स्थिति पर कहा कि हम अपने घर नहीं जा सके। पूरा पटना डूबा हुआ है। हाजीपुर गए तो वहां लोगों में प्यार भी था ग़ुस्सा भी था। उन्होंने कहा कि जल निकासी के इंतजाम किए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है. बाढ़ की स्थिति को लेकर कैबिनेट सेक्रेटरी से बात की गई है।
राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के रेस्क्यू के बारे में रामविलास पासवान ने कहा कि इस पर कुछ नहीं कहेंगे। जो देखकर आए हैं वो हम कह रहे हैं।